हर्षोल्लास से संपन्न हुआ चैती छठ महापर्व
गुमला : गुमला एवं आसपास के क्षेत्रों में आस्था व भक्ति का महापर्व छठ रविवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। जिला मुख्यालय में सिसई रोड स्थित छठ तलाब, मत्स्य प्रक्षेत्र स्थित वन तालाब और मुरली बगीचा स्थित तालाब में व्रतियों ने उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। भगवान भास्कर के अर्घ्य दान में आस्था, भक्ति और पवित्रता का संगम देखा गया। उग हो सूरज देव भइल भिनसरवा के गीतों के साथ अहले सुबह छठ व्रती घरों से निकल कर छठ घाट पहुंचे। महिलाएं गीत गा रही थी और व्रती दंडवत करते हुए घाट की ओर जा रहे थे। व्रतियों के सूप व पूजा सामग्री को उनके परिजन माथे में ढोकर घाट ले जा रहे थे। छठ घाटों में डुबकी लगाकर सूर्याेदय का इंतजार किया और उदयीमान भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। छठ घाट पर लोगों के बीच प्रसाद का भी वितरण किया गया। गुमला जिला मुख्यालय के अलावे जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी छठ महापर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।