आंख में लगा धुआं तो मुक्का मारकर ली जान, जेल भेजे गए आरोपी
मिनसार लकड़ी से आग को इधर-उधर करने लगा। इससे रजिया की आंख में धुआं लगने लगा।
संवाद सहयोगी, हनवारा (गोड्डा)। आंख में धुआं लगने पर हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई। घटना झारखंड के गोड्डा जिले की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, हनवारा थाना के नारायणी गांव में रविवार रात करीब आठ बजे नसीम अंसारी की लड़की रजिया खातून और सत्तार अंसारी का लड़का मिनसार आलम घर के बगल में एक साथ बैठकर आग ताप रहे थे। मिनसार लकड़ी से आग को इधर-उधर करने लगा। इससे रजिया की आंख में धुआं लगने लगा। उसने विरोध किया तो मिनसार ने गाली दे दी। इसी बात पर दोनों में बकझक शुरू हो गई। शोर सुनकर नसीम व सत्तार पहुंचे। दोनों अपने-अपने बच्चों का पक्ष लेने लगे। इससे विवाद और गहरा गया।
इसी बीच, सत्तार ने नसीम की नाक पर एक मुक्का जड़ दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज के बाद आरोपी सत्तार अंसारी और उसकी पत्नी बीबी जुलेखा खातून को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें सोमवार को जेल भेज दिया। नसीम अंसारी किसान था। वह भाड़े पर ट्रैक्टर भी चलाता था।
यह भी पढ़ेंः साइबर अपराधियों का दिल पसीजा तो लौटा दिए आठ हजार रुपये