असम में आतंकियों से मुठभेड़ में गोड्डा का जवान शहीद
असम के गंगटोक में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में गोड्डा का जवान शहीद हो गया।
संवाद सहयोगी, ठाकुरगंगटी (गोड्डा)। झारखंड में गोड्डा जिले के ठाकुरगंगटी प्रखंड के कुरपट्टी गांव का श्रवण उरांव (35) बुधवार की शाम असम के गुवाहाटी में उग्रवादियों से मुठभेड़ में शहीद हो गया।
इस बीच, सीएम रघुवर दास ने कहा है कि ईश्वर शहीद श्रवण उरांव के परिवार को ये क्षति सहन करने की शक्ति दे।
श्रवण कोलकाता में पदस्थापित था। विशेष टीम के साथ उसे गुवाहाटी भेजा गया था। श्रवण की पत्नी निर्मला देवी अपने तीन वर्षीय बेटे प्रीतम कुजूर के साथ कोलकाता में ही रहती है।
शहीद श्रवण की मां विलाप करती हुई।
बड़ी बेटी शिवानी कुजूर (छह) पीरपैंती के गौथल्स स्कूल में हॉस्टल में रहती है। वह कक्षा एक में पढ़ती है। श्रवण तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। दूसरे नंबर पर राजकुमार उरांव है, जो दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। गांव में पिता देवनारायण उरांव, माता फूलो देवी व सबसे छोटा भाई संतोष कुजूर रहते हैं। श्रवण उरांव के शहीद होने की खबर सुनते ही गुरुवार सुबह से इलाके में मातम छा गया। श्रवण बीते सात वर्षों से आर्मी में था। करीब दस सदस्यीय परिवार के भरण-पोषण का पूरा भार श्रवण के कंधों पर था।
श्रवण व निर्मला की फाइल फोटो।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग घर पर पहुंचने लगे। सभी परिजनों को सांत्वना दे रहे थे। माता-पिता सहित शहीद के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मुखिया संघ अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार महतो, सचिव अशोक कुमार महतो, बीस सूत्री अध्यक्ष जयकिशोर महतो सहित इलाके के लोग पहुंच चुके हैं। विधायक अशोक कुमार भी पहुंच रहे हैं। परिजनों ने बताया कि शव विमान से कोलकाता लाया जाएगा जहां से सड़क मार्ग से यहां पहुंचेगा। देर शाम तक शव पहुंचने की आशंका है।
पूर्वोत्तर में हुए एक उग्रवादी हमले में गोड्डा के सपूत श्री श्रवण उरांव जी शहीद हो गए। दुख की इस घड़ी में पूरा देश उनके परिवार के साथ है। ईश्वर शहीद श्री श्रवण उरांव के परिवार को ये क्षति सहन करने की शक्ति दे।— Raghubar Das (@dasraghubar) November 30, 2017