Move to Jagran APP

अपनों का खूनः पत्नी और चार साल के बच्चे की हत्या कर फरार

गोड्डा में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटे की हत्या कर दी। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

By Sachin MishraEdited By: Published: Thu, 08 Jun 2017 03:18 PM (IST)Updated: Thu, 08 Jun 2017 03:20 PM (IST)
अपनों का खूनः पत्नी और चार साल के बच्चे की हत्या कर फरार
अपनों का खूनः पत्नी और चार साल के बच्चे की हत्या कर फरार

संवाद सहयोगी, ठाकुरगंगटी (गोड्डा)। ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के माल मंडरो में बुधवार की शाम शंभु राम नामक एक युवक अपनी पत्नी व चार साल के बच्चे की हत्या कर फरार हो गया। वह आसपास की दुकानों की रखवाली करता था। हालांकि, कहां का रहने वाला है इसकी जानकारी अब तक पुलिस को नहीं मिल पाई है। करीब छह माह से वह संजीव कुमार सिंह के घर में किराएदार के रूप में रह रहा था। संजीव कुमार सिंह उक्त घर में नहीं रहते थे। रखवाली के उद्देश्य से मात्र दो सौ रुपये प्रतिमाह पर किराएदार के रूप में रखा था। मृतका लीला देवी व उसका बेटा कृष्णा करीब दो माह से साथ रह रहा था। 

loksabha election banner

दो माह पूर्व हुई थी शादी :

महिला उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बरादनपुर की रहने वाली थी। दो माह पूर्व ही शंभु राम ने कोर्ट में उससे शादी की थी। लीला की शादी 2010 में बनारस के ईशीपुर में साहबलाल से हुई थी, जिससे एक बेटा था। 2015 में बीमारी से पति की मौत हो गई, जिसके बाद लीला के पिता छकौरी कनौजिया की सहमति से उसकी शादी इसी 12 अप्रैल को शंभु राम से हुई। शादी के बाद वह पत्नी को लेकर यहां आ गया और उक्त मकान में रहने लगा। 

पुलिस को फोन कर दी जानकारी:

बुधवार की रात करीब 8.30 बजे शंभु राम ने थाना प्रभारी को फोन कर पत्नी के फांसी लगा लेने की बात कही। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची लेकिन कैंपस का मेन गेट बंद मिला। दीवार फांदकर पुलिस अंदर गयी और खिड़की से झांक कर देखा तो महिला का शव लटकता दिखा। घर में ताला बंद होने की वजह से पुलिस ने रात में कुछ नहीं किया। गुरुवार की सुबह ताला तोड़ा गया तो अंदर महिला का शव लटकते हुए पाया। जमीन पर एक बच्चे का भी शव था। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा करा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद भी पुलिस को शंभु के बारे में कोई सुराग नहीं मिला। बाद में एक जगह एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ मिला जिसपर कॉल करने पर पता चला कि वह लीला देवी के भाई घनश्याम कनौजिया का है। उसने बताया कि उसकी बहन की शादी दो माह पूर्व ही शंभु से हुई थी। हालांकि, शंभु कहां का रहनेवाला है यह नहीं बता पाया। इसके बाद महिला के पिता को पुलिस ने जानकारी दी। पिता ने वहां से आज रवाना होने की बात कही है। उधर, मकान मालिक संजीव कुमार सिंह के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आगे की छानबीन की जा रही है। 

पति-पत्नी में अक्सर होता था झगड़ा:

आसपास के लोगों की मानें तो पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था। बुधवार की सुबह भी झगड़ा हुआ था। आशंका है कि शाम में शंभु ने दोनों की हत्या की। पास में ही एक समारोह था जिसमें डीजे बज रहा था। इस वजह से अगर शोर हुआ भी होगा तो लोगों के कानों तक वह नहीं पहुंचा होगा। 

महिला को थी हत्या की आशंका:

जिस घर में महिला रहती थी, वहां दीवार पर एक जगह उसके भाई का मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। लोगों का कहना है कि महिला को किसी अनहोनी की आशंका रही होगी, जिस वजह से उसने दीवार पर अपने भाई का नंबर लिख दिया था। कमरे से पुलिस को एक मोबाइल भी मिला है, जिसके कॉल डिटेल से मामले का सुराग मिल सकता है। ⁠⁠⁠⁠

यह भी पढ़ेंः गंगा का जलमार्ग बनेगा झारखंड के विकास का ग्रोथ इंजनः गडकरी  

यह भी पढ़ेंः सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बना नक्सलियों का नया ड्रेस कोड


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.