आइसीआइसीआइ बैंक में 63.46 लाख का फर्जीवाड़ा
गोड्डा : शहर के आइसीआइसीआइ बैंक में एक और फर्जीवाड़ा सामने आया है। आजसू के जिलाध्यक्ष व सरिता कंट्रक्
गोड्डा : शहर के आइसीआइसीआइ बैंक में एक और फर्जीवाड़ा सामने आया है। आजसू के जिलाध्यक्ष व सरिता कंट्रक्शन फर्म के प्रोपराइटर देवेंद्र कुमार महतो ने नगर थाना में बैंक के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि बैंक में स्थित उनके खाते से बिना उनकी जानकारी के 63 लाख 46650 रुपये का लेनदेन किया गया। इसकी जानकारी उन्हें आयकर विभाग की नोटिस आने के बाद हुई। प्राथमिकी में कहा गया है कि सरिता कंस्ट्रक्शन फर्म के नाम से बैंक में खाता था। 10 नवंबर 2010 तक उन्होंने इस खाते से लेनदेन किया। कहा कि अधिकारियों व सहयोगी ने मिलकर फर्म के खाता संख्या पर गलत तरीके से चेकबुक निर्गत करा लिया तथा 31 मार्च 2011 से 2 जून 2011 तक 63.46 लाख का लेनदेन किया। इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। देवेंद्र महतो ने बताया कि उनकी बिना जानकारी के फर्जीवाड़ा में लिप्त अधिकारियों ने उनका बैंक खाता भी बंद कर दिया। इधर, थाना प्रभारी अशोक कुमार गिरी ने बताया कि पुलिस ने कांड अंकित कर लिया है। दोषियों पर विधि सम्मत कार्रवाई होगी। बैंक की उक्त शाखा में वर्ष 2013 में वृहत रूप से फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया था। नगर थाना में ही आधा दर्जन से अधिक प्राथमिकी दर्ज हुई थी। करीब पांच करोड़ की हेराफेरी का मामला बैंक उपभोक्ताओं ने दर्ज कराया था। मामले के कई आरोपी आज भी जेल में हैं। इस मामले को भी उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस जांच में ही तस्वीर साफ हो पाएगी।