वज्रपात से नवयुवक की मौत
गोड्डा : पोड़ैयाहाट प्रखंड के देवदाड़ थाना क्षेत्र की देवदाड़ पंचायत में शुक्रवार को ठनका गिरने से 17 व
गोड्डा : पोड़ैयाहाट प्रखंड के देवदाड़ थाना क्षेत्र की देवदाड़ पंचायत में शुक्रवार को ठनका गिरने से 17 वर्षीय छोटू कुमार साह की मौत हो गयी और 16 वर्षीय उत्तम कुमार साह की हालत गंभीर हो गयी। आनन-फानन परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल आए। यहां ऑन ड्यूटी डॉ. मंटू टेकड़ीवाल ने छोटू कुमार साह को मृत घोषित कर दिया तथा उत्तम कुमार को भर्ती कर लिया। काफी देर तक वह बेहोशी की हालत में रहा। परिजन द्वारिका साह ने बताया कि दोनों बालक देवदाड़ स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के समीप चापानल से पानी भरने गए थे। इसी दौरान बारिश होने लगी तो वे दोनों स्कूल के बरामदे पर चले गए। इसी दौरान बिजली गिरी। ठनका सीधे छोटू के सिर पर जा गिरा और उसकी मौत हो गयी। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सिद्दाम दे और उपमुखिया रोहित कुमार जैन घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों के साथ मिल कर दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर नगर थाना की पुलिस ने पहुंचकर मामले की जांच की।
पिता करते सोने-चांदी की दुकान में काम : द्वारिका साह ने बताया कि वे लोग मूल रूप से देवघर जिला के कुण्डा थाना क्षेत्र बासमाता गांव के रहने वाले हैं। वे लोग यहां सोना- चांदी की दुकान में कारीगर का काम करते हैं। बताया कि उत्तम गर्मी की छुट्टी में यहां आया था। वह लौट कर देवघर जाने वाला ही था कि यह घटना हो गई।