सुंदरपहाड़ी में पहाड़िया युवक की हत्या
सुंदरपहाड़ी : आदिवासी बहुल क्षेत्र सुंदरपहाड़ी में एक पहाड़िया की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जैकब पह
सुंदरपहाड़ी : आदिवासी बहुल क्षेत्र सुंदरपहाड़ी में एक पहाड़िया की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जैकब पहाड़िया(25) के रूप में हुई है। घटना रविवार रात की है, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी सोमवार देर रात मिली। सूचना मिलते के बाद पुलिस कुसमाहा पंचायत स्थित माली कुंडी गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गुही पहाड़िया ने पुलिस को बताया कि रविवार को उसका पति जैकब मतदान करने के लिए गरीडीह गांव गाया था। लौटते समय रास्ते में उसकी मुलाकात धर्मा पहाड़िया एवं डोगर पहाड़िया से हुई। गांव के बाहर एक जगह पर तीनों शराब पीने लगे। कुछ देर में किसी बात पर तीनों में झगड़ा शुरू हो गया। तैश में आकर धर्मा पहाड़िया ने टांगी से जैकब के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद दोनों वहां फरार हो गए। देर रात तक जैकब के घर नहीं लौटने पर उसकी खोजबीन शुरू की गई। जैकब घायल अवस्था में मिला। सुदूर और जंगली क्षेत्र होने के कारण जैकब को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। सोमवार को अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सोमवार देर शाम पुलिस को मामले की जानकारी मिली। पुलिस ने गुही के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के बाद से धर्मा और डोगर फरार हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली है।