गोड्डा में अंधविश्वास में मारी गई आदिवासी महिला
गोड्डा : तीर मारकर देवी पहाड़िया नामक आदिवासी महिला की हत्या का खुलासा हो गया। डायन के आरोप में उसकी
गोड्डा : तीर मारकर देवी पहाड़िया नामक आदिवासी महिला की हत्या का खुलासा हो गया। डायन के आरोप में उसकी हत्या की गई। हत्यारा महिला के ही गांव का रहनेवाला है। पुलिस ने उसे सोमवार को तीर-धनुष के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि बीते 29 अगस्त की रात सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के बेला पहाड़ी गांव में आदिवासी महिला देवी पहाडि़न की हत्या की गई। पहले पुलिस इसे साधारण हत्या का मामला मान रही थी, लेकिन छानबीन में यह मामला डायन-बिसाही का साबित हुआ। इसी गांव के निवासी युगल देहरी ने तीर मारकर उसकी हत्या की थी।
गिरफ्तारी के बाद युगल ने पुलिस को बताया कि दो वर्ष पूर्व उसके दो वर्षीय बच्चे की हत्या कर दी गई। उसने देवी पहाड़िन पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। कहा कि वह डायन थी। देवी पहाड़िन की हत्या करने के लिए वह रात में उसके घर के बाहर छिपकर बैठा रहा। जब वह घर से बाहर निकली तो उस पर तीर चलाया। एक ही वार में उसका काम तमाम हो गया।
एसपी ने बताया कि तीर ठीक देवी पहाड़िन के दिल में लगा था। इस कारण एक ही झटके में उसकी जान चली गई। देवी पहाड़िन अपने भाई के घर में रह रही थी। मामले के खुलासे में तेजी दिखाने पर उन्होंने सुंदरपहाड़ी थाना प्रभारी को सम्मानित करने की घोषणा की। कहा कि थाना से घटनास्थल की दूरी करीब 35 किमी है और वह क्षेत्र पूरी तरह से पहाड़ और वन से घिरा हुआ है। ऐसे में 24 घंटे के अंदर उद्भेदन करना तारीफ-ए-काबिल है।
एसपी ने कहा कि डायन हत्या मामले में गोड्डा पूरे राज्य में पांचवें स्थान पर है। ऐसे में इस क्षेत्र के लोगों के बीच एक सप्ताह के अंदर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत, विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय संताली अथवा पहाड़िया भाषा में कार्यक्रम किया जाएगा ताकि लोग इसका फायदा उठा सकें। लोगों से अपील की कि डायन-बिसाही नाम की कोई चीज नहीं होती। यह केवल अंधविश्वास है, लोग इसके चक्कर में न पड़ें।