हड़ताल ने बिगाड़ी शहर की सूरत
गोड्डा : नगर पंचायत के सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर में जगह-जगह कूड़े का अंबार लग गया है। मुख्य चौक
गोड्डा : नगर पंचायत के सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर में जगह-जगह कूड़े का अंबार लग गया है। मुख्य चौक सहित सभी चौक-चौराहे एवं कूड़ादान के पास कचरा जमा है। बारिश के कारण कचरा बहकर मुख्य सड़कों पर पहुंच रहा है। नगर पंचायत अब तक वैकल्पिक व्यवस्था कराने में नाकाम रही है।
पिछले चार दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर नगर पंचायत के तमाम सफाई कर्मी हड़ताल पर हैं। सावन माह आने में अब कुछ ही दिन शेष है। ऐसे में नगर पंचायत के सामने कचरा साफ कराना एक बड़ी चुनौती बन गयी है। गुरुवार को संपन्न हुए बोर्ड कमेटी की बैठक में सफाई के वैकल्पिक व्यवस्था कराने का निर्णय सर्व सम्मति से लिया गया लेकिन इस पर अब तक कोई अमल नहीं कराया जा सका है। नगर पंचायत के सफाई कर्मी राज्य संघ के आह्वान पर हड़ताल पर हैं। जब तक राज्य स्तर पर कोई निर्णय नहंी हो जाता तब तक इनके काम पर लौटने के आसार नहीं हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह का कहना है कि सफाई का कार्य जल्द ही शुरू करा दिया जायेगा। पवित्र सावन माह के पूर्व वैकल्पिक व्यवस्था बहाल करते हुए शहर को साफ-सुथरा कर दिया जाएगा।