भूकंप का झटका देख थर्राये लोग, अफरातफरी
गोड्डा : शनिवार को गोड्डा जिला में भी भूकंप के झटके महसूस किये गये। कंपन होते ही लोग घर व कार्यालय
गोड्डा : शनिवार को गोड्डा जिला में भी भूकंप के झटके महसूस किये गये। कंपन होते ही लोग घर व कार्यालय से बाहर निकल गये। लोग काफी भयभीत थे। भूकंप समाप्त होने के बाद से सबकी जुबां पर भूकंप की ही चर्चा थी। स्थानीय व्यवहार न्यायालय में भूकंप के समय लोक अदालत चल रही थी। भूकंप का झटका महसूस होते ही लोग भागकर बाहर चले आए। सभी के चेहरे पर भय व्याप्त था। समाहरणालय, ब्लाक व विभिन्न विद्यालय सहित सभी संस्थानों में उस समय कामकाज का समय था। भूकंप की सूचना मिलते ही अफरातफरी मच गयी और सभी अपने-अपने स्थान से जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए। लोगों को अभी भी भूकंप का डर सता रहा है। घर व कार्यालय में मौजूद लोगों को भूकंप का अनुभव हुआ। सड़क पर चल रहे लोगों को इसका अनुभव नहीं हुआ। भूकंप से किसी जानमाल का नुकसान होने की सूचना नहीं है।
बोआरीजोर : बोआरीजोर बाजार में आए भूकंप से बोआरीजोर बाजार के लोग बाहर मैदान पर आ गए। वही प्रखंड परिसर में बीडीओ एवं प्रखंड कर्मी सहित आम लोगों ने भागकर राहत की सांस ली।
हनवारा :भूकंप से कई गांवों की दीवारों पर दरारें आ गयी हैं। राजकीय मध्य विद्यालय हनवारा के छात्र विद्यालय से बाहर निकल गये।
सुंदरपहाड़ी : सुंदरपहाड़ी में करीब पौने 12 बजे के भूकंप के झटके महसूस किये गये। भूकंप से लोगों में भय का माहौल हो गया है।
ठाकुर गंगटी : प्रखंड क्षेत्र के करनटोला गोपालपुर निवासी दिलीप पंजियारा का दिवार भूकंप के झटके से शनिवार दोपहर को ध्वस्त हो गया। वही उत्क्रमित मध्य विद्यालय इटवा व आंगनबाड़ी केंद्र इटवा के भवन में भी दरार आ गयी। ठाकुर गंगटी चौक के निकट अश्वनी झा के मकान में भी दरार आई। इसके अलावा भी कई गांवों में घरों में दरार आने की खबर है।
मेहरमा : प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किये गये। किसी जानमाल की क्षति की सूचना नहीं है लेकिन विभिन्न गांवों में दीवारों के दरकने की सूचना है। लोग सुरक्षित जगह की तलाश मे घर से बाहर दौड़ पड़े।