शिक्षा विभाग परिणाम दे, दलील नहीं
गोड्डा : विद्यालय चले, चलायें अभियान कार्यक्रम के जिला प्रभारी सह राज्य के श्रम मंत्री राजपलिवार
गोड्डा : विद्यालय चले, चलायें अभियान कार्यक्रम के जिला प्रभारी सह राज्य के श्रम मंत्री राजपलिवार गुरुवार को गोड्डा पहुंचे। जहां उन्होंने कई विद्यालयों का भ्रमण कर कार्यक्रम की शुरूआत की।
मुख्यालय के बोर्ड मिडिल स्कूल बालक में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के प्रति सरकार गंभीर है। छह से 14 आयु वर्ग के छूटे हुए बच्चे को विद्यालय में नामांकन कराना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। साथ ही बच्चों का ठहराव सुनिश्चित हो यह भी प्राथमिकता में शामिल हो। जिले में 14,507 बच्चों के नामांकन का लक्ष्य निर्धारित है। इन बच्चों को विद्यालय से जोड़कर शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना है।
कहा कि भारत का भविष्य स्कूलों में पलता व बढ़ता है। जबतक स्कूल नहीं सुधरेगा तबतक भारत नहीं सुधर सकता। उन्होंने शिक्षा विभाग को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कार्यशैली बदलें, कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार को सिर्फ और सिर्फ परिणाम चाहिए, दलील नहीं। जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय को राजनीतिक अखाड़ा का रूप न दें।
शिक्षा का कार्यालय है तो वहां स्वस्थ्य वातावरण जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों को भी सुधार लाने की बात कही। कहा कि शिक्षकों को भी कुम्हार से प्रेरणा लेनी चाहिए जो गीली मिट्टी को एक आकार देकर उपयोग की वस्तुएं बनाते हैं। इसी प्रकार बच्चे तो गिली मिट्टी हैं और विद्यालय चाक। शिक्षक कुम्हार की तरह बच्चों को भी तराश कर बेहतर बना सकते हैं।
कहा कि जिले के कोई भी जनप्रतिनिधि शिक्षा विभाग की कार्यशैली से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में विभागीय खामियों का अंदाजा लगाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का नामांकन भी कराया गया। जिसमें मंत्री सहित सभी विघायकों ने एक-एक बच्चे का नामांकन कर अभियान की शुरुआत की।
इसके अलावा पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव, महागामा विधायक अशोक भगत, गोड्डा विधायक रघुनंदन मंडल, उपायुक्त राजेश शर्मा ने भी सभा को संबोधित किया।
विद्यालय चलें, चलायें अभियान रथ को किया रवाना
कार्यक्रम के पश्चात विद्यालय चलें, चलायें अभियान जागरूकता रथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कहा कि ये रथ विद्यालय की सारी जानकारी जन-जन तक पहुंचाएगा। इसमें मध्याह्न भोजन के मेन्यू चार्ट लगा है। इसे गांव की जनता भी पढ़कर विद्यालय में मिलने वाली भोजन की जांच कर सकती है।
रथ रवाना करने वालों में गोड्डा विधायक रघुनंदन मंडल, महागामा विधायक अशोक कुमार भगत, पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव, उपायुक्त राजेश शर्मा आदि शामिल थे। वहां से काफिला गोड्डा कस्तूरबा के लिए रवाना हुआ। जहां कार्यक्रम में शामिल हुए। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण भी किया। चारदीवारी विहीन विद्यालय में सुरक्षा की व्यवस्था से नाराज हुए। उन्होंने उपायुक्त से चारदीवारी निर्माण कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की बात कही।