भ्रष्टाचार रोकने को आपरेशन इंकलाब जल्द : राजपलिवार
गोड्डा : राज्य के श्रम मंत्री राज पालिवार ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास की सरकार ने यह तय किया है
गोड्डा : राज्य के श्रम मंत्री राज पालिवार ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास की सरकार ने यह तय किया है कि छह से 14 वर्ष तक का कोई बच्चा स्कूल से वंचित न रहे। इतना ही नहीं विद्यालय में बच्चों का ठहराव सुनिश्चित हो यह भी प्राथमिकता में शामिल है।
मंत्री राज पलिवार गुरुवार को विद्यालय चलो, चलायें अभियान के तहत एक दिवसीय दौरे पर गोड्डा आये। जहां उन्होंने किसान भवन में पत्रकारों के समक्ष उक्त बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि राज्य में 3,22,466 बच्चे विद्यालय से दूर हैं। वहीं गोड्डा जिला में 14,507 बच्चे विद्यालय नहीं जा रहे हैं। यही लक्ष्य इस अभियान के तहत निर्धारित किया गया है। सभी बच्चों को स्कूल से जोड़ा जाना है। इसके लिए जन प्रतिनिधि सहित आम जनता का सहयोग अपेक्षित है ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके।
कहा कि पहले पढ़ाई, फिर विदाई को मजबूती प्रदान करना है। बाल विवाह प्रतिबंधित है बावजूद जागरूकता के अभाव में इस पर पूरी तरह लगाम नहीं लगाया जा सका है। इसके लिए सबको मिलकर प्रयास करना होगा। स्वस्थ्य भारत अभियान के तहत सभी विद्यालयों में शौचालय का निर्माण कराया जाना है। यह प्रधानमंत्री की महात्वाकांक्षी योजना है।
कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं कर सकती। सुंदर स्वस्थ्य, विकसित राज्य बने, इसका हमें संकल्प लेना है। भ्रष्टाचार को रोकने के लिए आपरेशन इंकलाब शुरू किया जा रहा है। किसी प्रकार की शिकायत यहां दर्ज करायी जा सकेगी। जिसपर तुरंत कार्रवाई होगी।
मौके पर गोड्डा विधायक रघुनंदन मंडल, महागामा विधायक अशोक भगत, उपायुक्त राजेश शर्मा, जिलाध्यक्ष राजीव मेहता आदि मौजूद थे।