हाथी पीड़ित परिवार से मिले सांसद
बोआरीजोर : राजमहल सांसद विजय हांसदा ने शनिवार को प्रखंड के हाथी से प्रभावित लोगों के बीच जाकर सुध ली।
लुती बहियार में उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का विश्वास दिलाया। कहा कि सरकार से जो भी सहायता संभव होगी उसे अविलंब दिलाने का प्रयास किया जाएगा। किसी को निराश होने की जरूरत नहीं है। सांसद ने वन क्षेत्र पदाधिकारी रामचंद्र पासवान को त्वरित मुआवजा की राशि दिलाने का निर्देश दिया। साथ ही हिदायत दी कि जब तक हाथी क्षेत्र से बाहर नहीं चले जाते तब तक प्रभावित गांव में गश्त की जाए। प्रखंड क्षेत्र में जितने भी घर उजड़े हैं उसकी सूची तैयार कर मुआवजा देने का निर्देश दिया। प्रखंड पहुंचने पर संत एंथोनी मध्य विद्यालय फुलबड़िया के बच्चों ने सांसद का स्वागत किया। लोगों ने मोहनपुर से डुमरिया जर्जर सड़क की समस्या सुनाते हुए सार्थक पहल का आग्रह किया। मौके पर फादर लोरेंस, पुष्पा हेम्ब्रम, मुखिया भांति टुडू, प्रियतमा भारती, गुलहाय मुर्मू, पटवारी हांसदा, रवींद्र नाथ, जयप्रकाश के अलावा कार्यकर्ता उपस्थित थे।