जनता को भ्रमित कर रही भाजपा-कांग्रेस : बाबूलाल
संसू, बलबड्डा : झारखंड विकास मोर्चा (झावमो) सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को मेहरमा प्रखंड स्थित बलबड्डा में गोड्डा लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी प्रदीप यादव के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर हमला किया। कहा कि दोनों पार्टियां एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों विकास का सब्जबाग दिखाकर जनता को दिग्भ्रमित कर रही हैं। सूबे में सर्वाधिक दिन तक सत्ता में रहनेवाली भाजपा जनता के विश्वास पर खरा नहीं उतर सकी। कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला। महंगाई बढ़ी। जनता त्राहिमाम कर रही है। भय, भूख और भ्रष्टाचार का सर्वनाश करने और राज्य के विकास के लिए झाविमो ही एक मात्र विकल्प है।
प्रदीप यादव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व झाविमो झारखंड का एक बेहतर विकल्प बनकर उभर रहा है। जनता किसी प्रत्याशी के प्रलोभन में नहीं आए। झाविमो ही एक ऐसी पार्टी है जो जनता के लिए लड़ती आयी है। मौके पर अमर टेकरीवाल, रामलखन यादव, शाहिद इकबाल आदि मौजूद थे। इधर, ठाकुरंगगटी के फुलवरिया में बाबूलाल जनता से सोच समझकर मतदान की अपील की।