सचिवालय घेरने चला झाविमो का जत्था
गिरिडीह : जिला मुख्यालय में रविवार को देर शाम झाविमो का जत्था रांची सचिवालय घेराव आंदोलन में भाग लेनेरवाना हुआ। जत्था का नेतृत्व झाविमो जिलाध्यक्ष प्रो प्रवीण चौधरी कर रहे थे। पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर जिले से दो हजार कार्यकर्ताओं के उक्त कार्यक्रम में भाग लेने का दावा किया गया है। पंद्रह बस की व्यवस्था की गयी है। हालांकि सुदूर प्रखंडों से होकर जानेवाले कार्यकर्ता सुविधानुसार अन्य रूट से भी रांची कूच कर रहे हैं। जिला मुख्यालय से जहां आठ प्रखंड के कार्यकर्ता रवाना हुए वहीं जमुआ, देवरी, तिसरी, धनवार, बिरनी, बगोदर, सरिया आदि स्थानों से भी झाविमो का जत्था देर शाम रवाना हुआ।
जिलाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने कहा परे जिले से भारी संख्या में महिला व पुरुष का जत्था रवाना हो चुका है। आंदोलन के तहत सरकार की हर गतिविधि ठप कर दी जाएगी। पार्टी प्रवक्ता राजेश जायसवाल ने बताया कि विस्थापन के सवाल पर पार्टी की ओर से सचिवालय घेराव कार्यक्रम में जिले के तीनों विधायक रांची में जत्था में शामिल होंगे। विधानसभा का सत्र चलने के कारण विधायक गण इन दिनों रांची में ही हैं। जिले के सभी प्रखंड अध्यक्षों की ओर से कार्यक्रम को ले व्यापक तैयारी की गयी है। इधर देर शाम जमुआ से पार्टी महासचिव प्रणव वर्मा, सांसद प्रतिनिधि सुरेश राय, जिप सदस्य रामदेव तुरी, प्रखंड अध्यक्ष मंजूर अंसारी, देवरी के मुजाहिद अंसारी, मीरा तिवारी, शंभु शर्मा, विनोद राय, टुकलाल हजरा, धनवार के पवन कुमार, सुनील अग्रवाल, सरिया से राजेश मंडल, बगोदर से नागेंद्र महतो आदि समर्थकों के साथ रांची के लिए कूच किए। गांडेय से प्रमोद राय, भोला मंडल आदि के नेतृत्व में भारी संख्या में महिला व पुरुष कूच किए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर