रेल मजदूरों ने किया आंदोलन का शंखनाद
सरिया (गिरिडीह), संस : भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ की सरिया इकाई की बैठक हजारीबाग रोड माल गोदाम परिसर में गुरुवार को हुई। बैठक में बतौर अतिथि संघ के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण कुमार पासवान उपस्थित थे। उनके साथ पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड प्रदेश के सचिव क्रमश : रामानंद पासवान, अशोक कुमार सागर, लाल पंडित तथा राजकुमार पासवान भी मौजूद थे।
श्री पासवान ने कहा कि संघ अपने अधिकार के लिए हमेशा लड़ते आ रहा है। लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्रित्वकाल में भी माल गोदाम के मजदूरों की सेवा नियमित करने के लिए आंदोलन किया गया। रेल प्रबंधन को मजदूरों की सेवा स्थायी करने के लिए मजदूरों का बायोडाटा भेजा गया था। वहीं रेल मंत्री ममता बनर्जी द्वारा मांगे गए सबस्टीच्यूट के लिए मजदूरों की सूची मंत्रालय को भेजी गई है। इतने संघर्ष और प्रयत्नों के बावजूद यदि इन श्रमिक की सेवा स्थायी नहीं की जाती है तो आगामी 15 जून से राष्टव्यापी संघर्ष छेड़ने को संघ मजबूर होगा। मौके पर अध्यक्ष नागेश्वर यादव, सचिव भुनेवश्र यादव, कोषाध्यक्ष गोपी यादव समेत निरंजन मंडल, गुलाब चंद यादव, विनोद यादव, अशोक यादव आदि मौजूद थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर