संपत्ति विवाद में महिला की पीटकर हत्या
बेंगाबाद (गिरिडीह) : थाना क्षेत्र के खुटरीबाद गांव में शनिवार रात 55 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या
बेंगाबाद (गिरिडीह) : थाना क्षेत्र के खुटरीबाद गांव में शनिवार रात 55 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतका कतरास की अंगारपथरा कोलियरी में काम करती थी। बताया जाता है कि मुंडराडीह निवासी स्व. असरफी मियां की पत्नी सहीदन बीबी अंगारपथरा कोलियरी में काम करती थी। वह दो दिन पूर्व बहन के घर खुटरीबाद आई थी। वह अपने गांव मुंडराडीह में न रहकर खुटरीबाद में रहती थी। मृतका की बहू गुड़िया बीबी ने बताया कि शनिवार देर रात सास की मौत की सूचना मिली। सूचना पर खुटरीबाद पहुंची। वहां सास का शव पड़ा हुआ था। उनके शरीर में कई जगह जख्म के निशान थे। हत्या का संदेह होने पर बेंगाबाद पुलिस को सूचना दी गई।
बताया कि मृतका के तीन पुत्र हैं, जो अन्य प्रदेशों में नौकरी करते हैं। वह अपने बेटे-बहू को कभी नहीं देखती थी। वह छुट्टी या पर्व-त्योहार में आने पर अपने घर के बजाए बहन के यहां रहती थी। बहू ने बताया कि सास की संपत्ति और नौकरी हड़पने की नियत से ही उनकी हत्या की गई है। एएसआइ चन्द्रिका पासवान ने कहा कि प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।