मानव संसाधन विकास को सरकार प्रयत्नशील
गिरिडीह : झारखंड सरकार मानव संसाधन के विकास के लिए हर संभव बेहतर कोशिश कर रही है। शिक्षा को गुणवत्ता
गिरिडीह : झारखंड सरकार मानव संसाधन के विकास के लिए हर संभव बेहतर कोशिश कर रही है। शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए शिक्षकों की कमी दूर की जा रही है। सभी बच्चों को मुफ्त में पुस्तक, पोशाक, मध्याह्न भोजन, अष्टम वर्ग के विद्यार्थियों को साइकिल के साथ-साथ सभी विद्यालयों में बेंच-डेस्क की व्यवस्था की जा रही है। यह बात गांडेय विधायक प्रो. जयप्रकाश वर्मा ने कही। वह मंगलवार को सदर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कौदेइया में बच्चों के बीच पोशाक वितरण करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर बिजली भी दी जा रही है। कहा कि कौदेइया की जनता को तोहफा के रूप में इस विद्यालय को हाई स्कूल में अपग्रेड कराने की स्वीकृति प्रदान करायी है। जल्द ही यहां के बच्चे-बच्चियां गांव में ही उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बच्चों को मेहनत, लगन, निष्ठा और निश्चित लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि ऐसा करने से सफलता मिलना निश्चित है। अभिभावकों एवं शिक्षकों से कहा कि आप अपना काम करते हुए बच्चों के कार्य क्षमता पर भी ध्यान दें। मौके पर पंसस रूपा मरांडी, वार्ड सदस्य प्रतिभा देवी, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र वर्मा, बासुदेव मंडल, तुलसी वर्मा आदि उपस्थित थे।