घर में लगी आग, एक लाख की संपत्ति राख
सियाटांड़ (गिरिडीह) : सियाटांड़ गांव के निवासी टोड़ी महतो के घर में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से करीब ए
सियाटांड़ (गिरिडीह) : सियाटांड़ गांव के निवासी टोड़ी महतो के घर में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से करीब एक लाख रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। भुक्तभोगी टोड़ी महतो गिरिडीह समाहरणालय में आदेशपालक पद पर कार्यरत है। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन ग्रामीण बिजली के शार्ट-सर्किट से आग लगने का अनुमान लगा रहे हैं। सुबह जब लोग शौच के लिए घर से निकले तो टोड़ी महतो के घर में आग लगी देखकर शोर मचाने लगे। इसके बाद ग्रामीण वहां एकत्रित हुए। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद लगभग दो से तीन घंटे में डीजल पंप मशीन लगाकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सबकुछ जल चुका था। भुक्तभोगी टोड़ी महतो ने बताया कि वे गिरिडीह समाहरणालय में अभिलेखागार में आदेशपाल पद पर कार्यरत हैं। रविवार शाम को ही वह गिरिडीह गए थे। वह पूरे परिवार के साथ वहीं रहते हैं। उनका घर पूरी तरह बंद था।
ग्रामीणों की सूचना पर वह सुबह आठ बजे अपने घर पहुंचे। अगलगी के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुखिया सुनीता वर्मा ने पीड़ित परिवार को प्रशासन से सहयोग दिलाने की भी बात कही। जिला परिषद सदस्या किरण वर्मा ने कहा कि परिवार को मुआवजा दिलाने का भरसक प्रयत्न करेंगी।