पानी का अवैध कनेक्शन काटने पर हंगामा
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : नगर पर्षद ने शनिवार को अभियान चलाकर सभी वार्डों में अवैध पानी कनेक्शन का
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : नगर पर्षद ने शनिवार को अभियान चलाकर सभी वार्डों में अवैध पानी कनेक्शन काटा। इस दौरान कर्मियों को लोगों के आक्रोश का सामना भी करना पड़ा। कार्यपालक पदाधिकारी के निर्देश पर जेई अनिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में पचंबा वार्ड नंबर 1 के लिए गए जलापूर्ति के अवैध कनेक्शनों को सप्लाई पाइप लाइन से हटाया गया। इस बीच कर्मियों को लोगों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोग कनेक्शन काटने पर भड़क गए और जमकर विरोध जताया। स्थानीय वार्ड पार्षद सीमा देवी एवं अन्य लोगों के समझाने-बुझाने पर मामला शांत हुआ।
मौके पर वार्ड पर्षद ने कहा कि नगर पर्षद द्वारा बिना किसी सूचना के कनेक्शन काटना दुखद बात है। कहा कि उन्हें भी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है, जिस कारण लोगों में आक्रोश है।