गोली कांड के बाद अवैध आरा मिल पर गाज
धनवार (गिरिडीह) : धनवार थाना क्षेत्र के बभनी गांव में एक ही समुदाय के दो पक्ष में मंगलवार-बुधवार को
धनवार (गिरिडीह) : धनवार थाना क्षेत्र के बभनी गांव में एक ही समुदाय के दो पक्ष में मंगलवार-बुधवार को जमीन विवाद में मारपीट, बम व गोली चलाने की घटना के बाद प्रशासन ने एक अवैध आरा मिल में छापेमारी कर उसे तहस-नहस करने की कार्रवाई की। यह मिल गोलीकांड में घायल व्यक्ति के ही परिवार के किसी सदस्य का है। इससे यह भी स्पष्ट हो गया है कि इनका जुड़ाव अवैध धंधे से भी है।
सनद रहे कि धनवार प्रखंड में कई अवैध आरा मिल चल रहा है। कई आरा मिल के खिलाफ कार्रवाई भी हुई। अवैध आरा मिलों को तोड़ा भी गया था। प्रशासन के इस अभियान से बौखलाए धंधेबाजों ने उस समय अंचलाधिकारी के वाहन पर पथराव कर वाहन को क्षतिग्रस्त भी किया था। अब फिर वे सभी आरा मिल चालू हैं। इन मिलों पर फिर प्रशासनिक शिकंजा नहीं कसा गया तो वैसे लोगों का मनोबल और ऊंचा होगा। गोलीबारी में जख्मी व्यक्ति की आरा मिल पर कार्रवाई पर सवाल यह भी उठ रहा है कि प्रशासन सभी अवैध आरा मिलों पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा।
बहरहाल गोलीबारी व बम कांड की लेकर घटनास्थल व आसपास के लोग भयभीत हैं। इस बाबत खोरीमहुआ अनुमंडल के एसडीपीओ अनिल शंकर ने कहा कि दोनों पक्षों ने आवेदन दिया है। आवेदन के आधार पर दोषी लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि अवैध आरा मिलों को वन विभाग के पदाधिकारियों के सहयोग से उखाड़ा जा रहा है। किसी भी परिस्थिति में अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों बख्शा नहीं जाएगा।