मंत्रालय के पदाधिकारी की राशि उड़ाने वाला गिरफ्तार
गिरिडीह : भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर अपना शिकार बनाने वाले साइबर अपराधी अब वरीय पदाधिकारियों
गिरिडीह : भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर अपना शिकार बनाने वाले साइबर अपराधी अब वरीय पदाधिकारियों के बैंक खाता में भी सेंधमारी कर रहे हैं। इसका खुलासा दिल्ली क्राइम ब्रांच पुलिस के हत्थे चढ़ा गिरिडीह के एक आरोपी से हुआ। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर केंद्रीय मंत्रालय के एक वरीय पदाधिकारी को झांसे में लेकर उनके बैंक खाता से हजारों रुपये फर्जी तरीके से निकासी कर ली।
इसकी शिकायत मिलने के बाद हरकत में आई दिल्ली क्राइम ब्रांच की पुलिस ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से पचम्बा केडिया मुहल्ला निवासी संदीप कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। उस वरीय अधिकारी का नाम पुलिस नहीं बता रही है।
संदीप की निशानदेही पर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में भी पुलिस जुटी है। न्यू दिल्ली के पीटी स्ट्रीट थाना के अवर निरीक्षक विनीत कुमार के नेतृत्व में गिरिडीह पहुंची क्राइम ब्रांच की पुलिस ने कुछ स्पष्ट रूप से जानकारी तो नहीं दी, लेकिन बताया कि तीन जनवरी 2015 को मंत्रालय के एक वरीय पदाधिकारी को पीएमओ के नाम से फोन कर उनसे बैंक खाता, एटीएम पिन नंबर आदि जानकारी साइबर अपराधियों ने ले ली।
इसके बाद उनके खाता से करीब 31 हजार रुपये की निकासी कर ली। शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई तो मोबाइल का लोकेशन गिरिडीह पाया गया। यहां आकर जांच करने के बाद पचम्बा केडिया मुहल्ला निवासी संदीप कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि इस कांड में अन्य अपराधी भी शामिल हैं जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।