किसानों को मिलेगी योजनाओं की जानकारी
गिरिडीह : जिले के किसानों को कृषि, पशुपालन, गव्य, मत्स्य, उद्यान सहित अन्य समेकित कल्याणकारी सरकारी
गिरिडीह : जिले के किसानों को कृषि, पशुपालन, गव्य, मत्स्य, उद्यान सहित अन्य समेकित कल्याणकारी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के लिए शुक्रवार को जिला मुख्यालय से किसान रथ को रवाना किया गया। झंडा मैदान में जिप अध्यक्ष मुनिया देवी ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि किसान रथ का पहला कार्यक्रम गांडेय प्रखंड में शनिवार को है। यहां के बाद बारी-बारी से प्रखंडों का भ्रमण कर किसान रथ के माध्यम से कृषकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। जगह-जगह प्रखंड के पदाधिकारियों की उपस्थिति में किसान गोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा।
कहा कि खरीफ फसल के बीज के लिए सरकार से अनुदान की व्यवस्था सहित कृषियंत्रों में किसानों के लिए छूट आदि की विस्तृत जानकारी रथ के माध्यम से जिलेभर के किसानों को दी जाएगी। कृषि सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों की ओर से किसान रथ को पूरे जिले में भ्रमण कराने की व्यापक तैयारी की गई है।