भाजपा का महासंपर्क अभियान शुरू
गिरिडीह : भाजपा की जिला इकाई की ओर से यहां शनिवार को सदस्यता के लिए महासपंर्क अभियान शुरू किया गया।
गिरिडीह : भाजपा की जिला इकाई की ओर से यहां शनिवार को सदस्यता के लिए महासपंर्क अभियान शुरू किया गया। स्थानीय विवाह भवन में विधायकों एवं पूर्व विधायकों की मौजूदगी में कार्यशाला हुई जिसमें सभी सक्रिय सदस्यों को बनाए गए नए सदस्यों के घर जाकर उसकी संपुष्टि मिस कॉल के जरिये कराने का टास्क दिया गया। यह अभियान पूरे जिले में अगले पांच दिन तक चलेगा।
विधायक निर्भय शाहाबादी ने कहा कि सदस्यता अभियान में सौ-सौ प्राथमिक सदस्य बनाने वाले हर सक्रिय सदस्य की जिम्मेदारी महासंपर्क अभियान में बढ़ गई है। अब सक्रिय सदस्यों को घर-घर जाकर उनके जुड़े प्राथमिक सदस्यों से पार्टी के टोल फ्री नंबर पर मिस कॉल करवाना है। इसी मिस कॉल से उनकी सदस्यता की संपुष्टि होगी।
उन्होंने कहा कि गिरिडीह में सदस्यता अभियान में मिली सफलता की तरह ही अब इस महासंपर्क अभियान को भी सफल बनाना है। पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद ने कहा कि प्राथमिक सदस्यों से टोल फ्री नंबर पर मिस कॉल करवाना जरूरी है अन्यथा यह अभियान सफल नहीं हो पाएगा।
जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय ने कहा कि इस अभियान के बाद 28 मई को विवाह भवन में ही किसानों का सम्मेलन होगा जिसमें ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ मुंडा के अलावा जिले के सांसद एवं सभी विधायक शिरकत करेंगे। किसानों की समस्याओं पर विचार करते हुए सरकार के स्तर से उसके समाधान की पहल की जाएगी। मौके पर महादेव दुबे, प्रकाश सेठ, शुकदेव साहू, विवेश जालान, संजू सिंह, बाबुल गुप्ता, संजीत सिंह, हबलू गुप्ता, संजय सिंह, विजय सिंह, संतोष खत्री आदि उपस्थित थे।