चुआं खोदकर पानी लेने की विवशता
बनियाडीह (गिरिडीह) : सदर प्रखंड अंतर्गत चुंजका पंचायत के कबरीबाद चिलगा टांड़ पर के ग्रामीण कई समस्याओ
बनियाडीह (गिरिडीह) : सदर प्रखंड अंतर्गत चुंजका पंचायत के कबरीबाद चिलगा टांड़ पर के ग्रामीण कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। यह बस्ती सीसीएल के सीमा क्षेत्र पर बसी है। इसके बाद भी बस्ती में समस्याओं का अंबार लगा है।
बताया गया कि इस पंचायत के चिलगाटांड़ की आबादी करीब दो सौ है। यहां ज्यादातर यादव परिवार के लोग निवास करते हैं। आजादी के इतने साल बीतने के बाद भी बस्ती में एक भी चापाकल और सरकारी कुआं नहीं है। ग्रामीण जहां-तहां से पेयजल की व्यवस्था करते हैं।
ग्रामीण कर्मवीर यादव, मुन्ना यादव, शंकर यादव, पप्पू यादव, राजू यादव, कारू यादव आदि ने बताया कि पंचायत चुनाव के बाद गांव में कोई विकास का कार्य नहीं हुआ। चापाकल के लिए मुखिया के पास जाते हैं तो वे अभी फंड नहीं रहने की बात कहते हैं। इस तरह से पंचायत चुनाव हुए पांच साल होने को है, लेकिन बस्ती को अब तक कुछ नहीं मिला।
यह बस्ती बनियाडीह-कबरीबाद मुख्य पथ के किनारे बसी है। इसके बाद भी यहां कोई सुविधा सीसीएल की ओर से नहीं मिल रही है। गर्मी के दिनों में लोग खदान या फिर नदी में चुआं बनाकर पानी की व्यवस्था करते हैं। गांव में सीसीएल की ओर से केवल बिजली दी गयी है। लोगों ने स्थानीय विधायक, सीसीएल प्रबंधन एवं मुखिया से शीघ्र ही गांव में चापाकल लगवाने की मांग की।