स्कूल प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ चक्काजाम
गिरिडीह : निजी विद्यालयों के प्रबंधन की मनमानी और अवैध शुल्क वसूली के खिलाफ शनिवार को अखिल भारतीय वि
गिरिडीह : निजी विद्यालयों के प्रबंधन की मनमानी और अवैध शुल्क वसूली के खिलाफ शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शहर में जगह-जगह चक्काजाम किया। बेंगाबाद रोड पर गिरिडीह कॉलेज मोड़ के पास और गिरिडीह-डुमरी मार्ग पर एसपी कोठी भगत सिंह चौक के पास चक्काजाम किया गया। इससे सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक वाहनों के पहिए रुके रहे।
इस दौरान मुख्य मार्गो पर जहां वाहनों की लंबी कतार लग गयी, वहीं इस बीच निजी स्कूलों की बसें सड़कों पर नहीं दिखीं। जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, इस आंदोलन में अभाविप कार्यकर्ताओं को अभिभावकों का भी पूरा सहयोग मिला। एसपी कोठी के पास रोड जाम कर रहे कार्यकर्ताओं को नगर थाना प्रभारी थाना ले गए, जहां से बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
इस बाबत अभाविप के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य रंजीत राय ने कहा कि पूरे झारखंड के सभी जिलों में कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम किया। विगत दो माह से अभाविप पूरे राज्य में निजी विद्यालयों की मनमानी के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन कर रही है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीष पाठक ने कहा कि गिरिडीह जिले में भी निजी विद्यालय प्रबंधन जिला प्रशासन के आदेश का पालन नहीं कर रहा है। जिला संयोजक रंजीत कुमार ने कहा कि जब तक निजी विद्यालय प्रबंधन मनमानी करना बंद नहीं करता और राज्य सरकार निजी विद्यालय संचालन के लिए अध्यादेश नहीं लाती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
मौके पर कुमार सौरभ, यशवंत राज, किशोर साव, राकेश कुमार, संतोष मोदी, मनीष कुमार, अविनाश विश्वकर्मा, सूरज साहू, ओंकार कुमार, अभिषेक राय, पुष्कर सिन्हा, राहुल कुमार, विकास कुमार, अभिषेक शर्मा आदि सक्रिय रहे।