जल्द बनेगी पारसनाथ-मधुबन रेललाइन
गिरिडीह : गिरिडीह के भाजपा सांसद रवींद्र पांडेय ने घोषणा की कि गिरिडीह को स्मार्ट सिटी बनाएंगे। इसके
गिरिडीह : गिरिडीह के भाजपा सांसद रवींद्र पांडेय ने घोषणा की कि गिरिडीह को स्मार्ट सिटी बनाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार को पहल करने का सुझाव दिया है ताकि संबंधित प्रस्ताव केंद्र तक भेजा जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क परिवहन मंत्री से मिलकर गिरिडीह एवं बोकारो के लिए सड़क सुविधा से जुड़ी कई मामलों को उन्होंने उठाया। इनमें गिरिडीह में रिंग रोड की सुविधा, पेटरवार से गोमिया बगोदर होते हुए सड़क को फोर लेन बदलने की मांग मुख्य रूप से शामिल हैं।
सोमवार को यहां सबेरा चित्र मंदिर में जनता दरबार के बाद सांसद पांडेय ने कहा कि गिरिडीह को स्मार्ट सिटी का दर्जा दिलाना जरूरी है। संबंधित प्रस्ताव जब राज्य सरकार केंद्र को भेजेगी तो वे केंद्र पर दबाव बनाएंगे। सदन में उठाए गए सवालों के हवाले से सांसद ने बताया कि पारसनाथ से मधुबन तक रेललाइन का काम शीघ्र शुरू होगा। इस लाइन का विस्तार गिरिडीह तक किया जाएगा। अधूरी गिरिडीह-कोडरमा रेल परियोजना के बारे में भी रेल मंत्री को जानकारी दी गयी।
उन्होंने कहा कि परियोजना ससमय पूरी नहीं हो पायी मगर अब इसका कार्य शीघ्र पूरा होगा। सांसद ने कहा कि गिरिडीह के लिए पूर्व की तरह दानापुर हावड़ा बोगी की सुविधा फिर से मिलेगी। गोमो में रेलवे का फ्लाई ओवर बनेगा वहीं कतरास, मलेकेरा, बेरमो, बोकारो थर्मल को आदर्श रेलवे स्टेशन का दर्जा दिलाया जाएगा।
सांसद ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी शीघ्र दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचेंगे। वे सड़क से जुड़ी खुद सारी चल रही और लंबित योजनाओं की समीक्षा करेंगे। विधायक निर्भय शाहाबादी की मौजूदगी में सांसद पांडेय ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मिलकर जीटी रोड को छह लेन करने, तोपचांची, राजगंज, निरसा बाजार में बाइपास की सुविधा देने, गिरिडीह में रिंग रोड, जेना मोड़ से डुमरी तक एवं गोमिया से पेटरवार तक सड़क को चार लेन में बदलने की मांग की है। उनके साथ भाजपा नेता यदुनंदन पाठक, मनोज सिंह, हब्लू गुप्ता, दीपक स्वर्णकार आदि भी थे।