अच्छी पैदावार के लिए मिट्टी की जांच जरूरी
गिरिडीह : सदर प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को कृषि विभाग की ओर से प्रखंड स्तरीय कृषि महोत्सव का आयोज
गिरिडीह : सदर प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को कृषि विभाग की ओर से प्रखंड स्तरीय कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न गांवों से पहुंचे किसानों ने जहां अपनी-अपनी समस्याओं को रखा, वहीं श्रीविधि सहित अन्य नयी तकनीक से खेती करने से हुए लाभ और अनुभव को भी साझा किया। इस दौरान कृषि विभाग की ओर से किसानों के लिए चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए इसका लाभ लेने की अपील की गई।
अंचलाधिकारी लखीराम बास्के ने किसानों को केसीसी का महत्व और उपयोग के बारे में बताया। साथ ही सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रखंड कृषि पदाधिकारी नंदकिशोर पंडित ने कहा कि सरकार किसानों के लिए कई योजनाएं चला रही है। किसानों को इसका कितना लाभ मिल रहा है और उन्हें क्या परेशानी एवं समस्याएं हैं, यही जानने के लिए इस महोत्सव का आयोजन किया गया।
बीटीएम रमेश कुमार ने कहा कि मिट्टी में कुल 16 पोषण तत्व होते हैं। मिट्टी की जांच कराना आवश्यक है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि उसमें क्या कमी है। कहा कि पचम्बा कृषि फॉर्म में निश्शुल्क मिट्टी जांच की व्यवस्था है। उन्होंने उपस्थित किसानों को परती भूमि विकास योजना सहित कृषि संबंधी अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
किसानों ने अपनी समस्याओं के साथ अनुभव को भी साझा किया। खासकर नयी तकनीक से खेती करने से हुए लाभ के बारे में बताया। किसानों ने कहा कि श्रीविधि से खेती करना काफी फायदेमंद रहा। पैदावार में डेढ़ गुना वृद्धि हुई है। केंचुआ खाद का निर्माण और उपयोग करनेवाले किसानों ने भी इसके फायदे के बारे में बताया। समारोह की अध्यक्षता उपप्रमुख अर्जुन मंडल ने की जबकि संचालन जनसेवक आनंद मोहन ने किया। मौके पर जनसेवक प्रभात पवन, वीरेंद्र कुमार वर्मा, राघवेंद्र पाठक, कृषक मित्र महेंद्र सिंह, जनार्दन प्रसाद वर्मा, नीतू देवी, गोंदो महतो, निर्मल कुमार वर्मा सहित काफी संख्या में किसान उपस्थित थे।