कृषि मेला का सर्वाधिक लाभ उठाएं किसान
जमुआ (गिरिडीह) : प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में गुरुवार को एकदिवसीय कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया
जमुआ (गिरिडीह) : प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में गुरुवार को एकदिवसीय कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुबोध कुमार सिन्हा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रमुख सोनी चौरसिया और बीडीओ तेज कुमार हस्सा उपस्थित हुए।
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रमुख ने कहा कि किसान खेती के प्रति जागरूक हों। भारत कृषिप्रधान देश है और किसानों को जरूरी सिंचाई सुविधा मुहैया करायी जाए तो चहुंओर हरियाली नजर आएगी। बीडीओ ने कहा कि किसानों को सभी तरह की फसलें लगानी चाहिए। ग्राम सभा में सिंचाई से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता देना जरूरी है। झारो नदी में सीरीज चेकडैम बनने पर इसके किनारे के कई गांवों में सिंचाई की सुविधा मिलेगी।
कहा कि उनका प्रयास है कि बहुत जल्द सीरीज चेकडैम का कार्य जमीन पर दिखे। कृषि पदाधिकारी सिन्हा ने बताया कि 2 फरवरी को झडा मैदान गिरिडीह में कृषि मेला का आयोजन होना है। इस मेले में अधिक से अधिक संख्या में किसान पहुंचें और फल-फूल, औषधीय पौधों, सब्जी आदि का प्रदर्शन कर पुरस्कृत हों। इसी उद्देश्य को लेकर कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया। मौके पर सुनील वर्मा, रीतलाल प्रसाद वर्मा, सच्चिदानंद राय, विनोद शर्मा, रब्बुल हसन, रब्बानी, मनोज कुमार, महेंद्र मंडल, दिलीप राय, राजू साव, रामविकास यादव सहित कई जनसेवक, कृषक मित्र एवं किसान उपस्थित थे।