स्वच्छता अभियान से सरोकार नहीं
जमुआ (गिरिडीह) : स्वच्छ भारत अभियान कार्यक्रम से जमुआ वन विभाग के पदाधिकारियों को कोई सरोकार नहीं है
जमुआ (गिरिडीह) : स्वच्छ भारत अभियान कार्यक्रम से जमुआ वन विभाग के पदाधिकारियों को कोई सरोकार नहीं है। एक ही परिसर में संचालित जमुआ और डोरंडा वन रोपण प्रक्षेत्र कार्यालय के पास पसरा कचरा इस बात की पुष्टि करता है। बाजार से ठीक सटे वन विभाग के इस कार्यालय परिसर में पदाधिकारियों का आवास और विभाग का विश्रामागार भी है।
परिसर में चहुंओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। विभागीय पदाधिकारी परिसर में पसरी गंदगी को साफ -सुथरा कराने की दिशा में पहल तक नहीं कर रहे। परिसर के बाहर थाना रोड पर सड़क किनारे अवैध रूप से मुर्गा, मछली, सब्जी आदि की दुकानें संचालित हैं। वे दुकानदार वन विभाग के परिसर में ही कचरा फेंकते हैं। इसके लिए विभाग कोई कड़ा कदम नहीं उठा रहा।
दो वर्ष पूर्व जमुआ के तत्कालीन थानेदार मंटू साव ने अंचल अधिकारी और पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारियों के साथ अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा था। बाद में कुछ दिन तक बाजार और आसपास का इलाका साफ -सुथरा रहा, लेकिन फिर स्थिति पूर्ववत हो गई।