ऑटो पलटने से एक की मौत
जमुआ (गिरिडीह) : जमुआ-पचम्बा मुख्य मार्ग मे बाटी गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार को ऑटो पलटने
जमुआ (गिरिडीह) : जमुआ-पचम्बा मुख्य मार्ग मे बाटी गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार को ऑटो पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि 10 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से जख्मी कुछ लोगों को जमुआ सीएचसी में इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिनमें कुछ की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
यात्रियों से खचाखच भरा ऑटो जमुआ से गिरिडीह की तरफ जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास एक बोलेरो को ओवरटेक करने के क्रम में चालक नियंत्रण खो बैठा और ऑटो सड़क किनारे कटे ट्रेंच में पलट गया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। हादसे में ऑटा सवार कई लोग काफी देर तक नीचे दबे रहे। आसपास के लोग व राहगीरों ने घायलों को बाहर निकाल जमुआ इलाज के लिए भेजा। अस्पताल ले जाने के क्रम में घायल देवरी के मकडीहा निवासी चक्रधारी दास (43) ने दम तोड़ दिया। चिकित्सक डॉ. राजेश दूबे ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वह घर से रामपुर गांव सुरजाही में शामिल होने जा रहा था। इसके अलावा काजीमघा के मो. मुस्ताक, फरजाना खातून व मो. शमशेर, मुजफ्फरनगर उप्र के सोनू कुमार, मिर्जागंज के छोटू कुमार व बुंदिया देवी, बदडीहा के रामदेव दास व पत्नी सुलेखा देवी, बिरनी प्रखंड अंतर्गत गुरहा की बसंती देवी और छह वर्षीय पुत्र सुशील कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां मृतक व जख्मी लोगों के परिवार वालों व बच्चों की चीख से माहौल गमगीन था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।