कहीं नहीं होगा दोस्ताना संघर्ष : सरफराज
बेंगाबाद (गिरिडीह) : महिला आरक्षण राज्य सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। सरकार ने महिलाओं को नौकरी में
बेंगाबाद (गिरिडीह) : महिला आरक्षण राज्य सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। सरकार ने महिलाओं को नौकरी में पचास फीसद आरक्षण दिया है। बेंगाबाद में मंगलवार को आयोजित प्रखंड स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में गाडेय के विधायक डॉ. सरफराज अहमद ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि विस चुनाव में राज्य की किसी भी सीट से दोस्ताना चुनाव नहीं लड़ा जाएगा। पूर्णत: गठबंधन धर्म को निभाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनके घटक दल की सीटिंग सीट संबंधित पार्टी की होगी। शेष सीट के लिए बातचीत चल रही है। गांडेय विस पर सभी दल की निगाह टिकी हुई है क्योंकि लोग जानते हैं कि यहां कांग्रेस सबसे मजबूत पार्टी है। बूथ कमेटी को इस बार के चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके पूर्व बूथ कमेटी का विस्तार कर पंचायत स्तर पर बैठक की जाएगी।
कहा कि विस क्षेत्र की कोई भी पंचायत विकास से अछूती नहीं है। जिला अध्यक्ष नरेश वर्मा ने कहा कि चुनाव की तैयारी को लेकर सम्मेलन आयोजित किया गया है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सूची बनाने को कहा गया है। चार पंचायत में संयुक्त रूप से कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। पूर्व की यूपीए सरकार की उपलब्धि को जन-जन तक पहुंचाना लक्ष्य होगा। प्रखंड अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की जबकि नेशाब अहमद ने मंच संचालन किया। मौके पर बुंदो राम, दुर्गा प्रसाद, चंद्रशेखर सिंह, हरीश यादव, केवल दास, पप्पू खान, सतीश केडिया, आलमगीर आलम, इनामुल हक, फकरुद्दीन अंसारी, वाहिद खान आदि उपस्थित थे।