मॉडल डिग्री कॉलेज की पड़ी नींव
बिरनी (गिरिडीह) : प्रखंड मुख्यालय के पास शुक्रवार की शाम मॉडल डिग्री कालेज का शिलान्यास किया गया। बत
बिरनी (गिरिडीह) : प्रखंड मुख्यालय के पास शुक्रवार की शाम मॉडल डिग्री कालेज का शिलान्यास किया गया। बतौर मुख्य अतिथि विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गुरुदीप सिंह, कोडरमा सासद डॉ. रवींद्र कुमार राय एवं बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह ने इसका शिलान्यास किया। कुलपति ने कहा कि हमारे देश में किसी भी चीज की कमी नहीं है, लेकिन इस क्षेत्र में अच्छे शिक्षण संस्थानों की भारी कमी है।
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की ओर से कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिन्हें धरातल पर उतारने में परेशानी हो रही है। यह सौभाग्य की बात है कि 8 करोड़ की लागत से बिरनी में मॉडल डिग्री कॉलेज का निर्माण होना है। इसका निर्माण समय को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण किया जाएगा।
सासद राय ने कहा कि भारत का इतिहास रहा है कि जिस धरती पर शिक्षा शास्त्रियों का पांव पड़ा है, वहां की धरती शिक्षा के क्षेत्र में बहुत आगे बढ़ी है। यहां बिरनी का एक नया इतिहास लिखा जा रहा है। विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड में गिरिडीह जिला शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ों की श्रेणी में आता है। इस मॉडल डिग्री कॉलेज का निर्माण होने से इस क्षेत्र के गरीब, किसान, मजदूर के बच्चे भी डॉक्टर-इंजीनियर बन सकेंगे।
कॉलेज भवन निर्माण के लिए मार्च 2013 में ही 4 करोड़ की अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई लेकिन अस्थायी कुलपति रहने के कारण यह बन नहीं पाया। स्थायी कुलपति के आने के बाद इस कार्य का प्रारूप तैयार कर इसका शिलान्यास किया गया। विधायक ने सासद से यहां केंद्रीय विद्यालय खोलवाने की मांग की।
मौके पर विनोबा भावे विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. मनोरंजन प्रसाद सिन्हा, सचिव सतीश्वर प्रसाद सिन्हा, कॉलेज निरीक्षक नवीन राणा, आरबी सिंह, बीडीओ विजय कुमार, थाना प्रभारी राणा प्रताप सिंह, प्रमुख सीताराम सिंह, मुखिया रामू बैठा, पंसस दिलीप दास, भाजपा नेता जयप्रकाश वर्मा, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष मृत्युंजय राय समेत सरिया, राजधनवार, लंगटा बाबा कॉलेज के प्राचार्य उपस्थित थे।