अनुबंधकर्मियों की हड़ताल शुरू
गिरिडीह : विभिन्न मांगों के समर्थन में एनआरएचएम अनुबंध कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल मंगलवार से शुरू
गिरिडीह : विभिन्न मांगों के समर्थन में एनआरएचएम अनुबंध कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल मंगलवार से शुरू हो गई। हड़ताली अनुबंधकर्मी मंगलवार को सदर अस्पताल परिसर में धरना पर बैठे रहे। उनकी हड़ताल का नैतिक समर्थन झारखंड राज्य चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य कर्मचारी संघ की गिरिडीह शाखा ने भी किया है।
शाखा सचिव राजीव रंजन कुमार ने कहा कि एनआरएचएम के अंतर्गत कार्यरत एमपीडब्ल्यू की छंटनी तीस सितंबर से कर दी गई। सरकार विरोधी कार्य के चलते एमपीडब्ल्यू के साथी हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार इन कर्मचारियों का यथाशीध्र समायोजन करे अन्यथा बाध्य होकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। मौके पर ज्योत्सना हांसदा, नीलम कुमारी, सोमनाथ मित्रा, सुदीप चंद्रा, श्यामदेव राय, परवेज अंसारी, विनोद कुमार मालाकार, सिकंदर मंडल, राजू पासवान आदि उपस्थित थे।