Move to Jagran APP

कचरा हटा न जलजमाव से मिली निजात

गिरिडीह : स्वच्छ भारत अभियान के प्रारंभ होने के एक सप्ताह बाद भी शहर की सड़कों पर लगे गंदगी के अंबार

By Edited By: Published: Tue, 07 Oct 2014 07:19 PM (IST)Updated: Tue, 07 Oct 2014 07:19 PM (IST)
कचरा हटा न जलजमाव से मिली निजात

गिरिडीह : स्वच्छ भारत अभियान के प्रारंभ होने के एक सप्ताह बाद भी शहर की सड़कों पर लगे गंदगी के अंबार को अब तक नहीं हटाया जा सका है। पूरे तामझाम के साथ प्रशासनिक महकमा ने चंद दिन पूर्व शहर में सफाई अभियान चलाया। सड़कों और गली-मुहल्लों की सफाई की, लेकिन अब भी कई मुख्य सड़क के किनारे कचरे का ढेर पड़ा है, जबकि कई जगह पर जलजमाव है।

loksabha election banner

केस स्टडी-एक

- कोर्ट रोड पर मंगलवार को भी सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने सड़क किनारे गंदगी का अंबार देखने को मिला। यह वह स्थल है, जहां से प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों समेत अन्य गणमान्य लोगों का आना-जाना लगा रहता है। बावजूद वहां जमा कचरा स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना साकार होने में रोड़ा अटका रहा है। हालांकि चंद दिन पूर्व ही इस मार्ग पर प्रशासन की ओर से सफाई अभियान चलाया जा चुका है।

केस स्टडी-दो

- कोर्ट रोड पर ही मधुबन वेजिस मोड़ के पास भी कचरे का ढेर पड़ा हुआ है। यहां से थोड़ा आगे झंडा मैदान जानेवाले रास्ते में भारतीय सांख्यिकी संस्था के मुख्य द्वार से थोड़ी दूर ऐसा ही नजारा देखने को मिला।

केस स्टडी-तीन

- वीटी फील्ड रोड पर रेडक्रॉस भवन के सामने सड़क किनारे बने गड्ढों में लंबे समय से जलजमाव है। गड्ढ़ों में जमा गंदा पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, लेकिन संबंधित महकमा की ओर से न तो गड्ढों को भरा जा रहा है और न ही उनमें ब्लीचिंग पाउडर आदि का छिड़काव ही किया जा रहा है।

जनभागीदारी जरूरी : सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियो का मानना है कि स्वच्छ भारत अभियान को केवल सरकार और प्रशासन के आसरे ही सफल नहीं बनाया जा सकता है, बल्कि इसमें जनभागीदारी आवश्यक है। एक-एक व्यक्ति को इसमें हाथ बंटाने की आवश्यकता है। सरोजित कुमार ने कहा कि अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। लोगों को जब तक इस बात का अहसास नहीं होगा, तब तक हमें गंदगी से मुक्ति नहीं मिलेगी।

सामाजिक कार्यकर्ता अजय राय ने कहा कि लोगों में यह मानसिकता घर कर गई है कि साफ-सफाई करना सरकार और प्रशासन का काम है। लोगों की इस सोच को बदलने की जरूरत है। शिक्षक अशोक मिश्रा ने कहा कि हमें इस संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा कि हम न गंदगी फैलाएंगे और न ही किसी को गंदगी फैलाने देंगे। केएम शर्मा ने कहा कि सफाई के लिए जनभागीदारी भी जरूरी है।

''शहर में जोरशोर से सफाई अभियान चलाया जा रहा है। एक तरफ सफाई अभियान चलता है, तो दूसरी तरफ लोग सड़क किनारे घर-दुकान आदि की गंदगी फेंक देते हैं। जनता शहर को साफ-सुथरा रखने में प्रशासन का सहयोग करे। कूड़ा-कचरा उचित स्थान पर फेंकें, ताकि वहां से उसे हटाया जा सके।

- श्रवण कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पर्षद, गिरिडीह


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.