मुखिया पर मनमानी का आरोप
संसू, जमुआ (गिरिडीह) : प्रखंड की पालमो पंचायत के मुखिया अशोक पासवान पर मनमाने तरीके से काम करने का आरोप कई वार्ड सदस्यों ने लगाया है। इस बाबत तिलोना के वार्ड सदस्य अशोक कुमार दास, चमटाडीह के मो. अगीरा, सौधीडीह की मालती देवी, सूरजा की प्यारी देवी एवं उपमुखिया कामदेव यादव ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि मुखिया द्वारा सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ निर्माण योजना का चयन ग्रामसभा व ग्राम पंचायत के माध्यम से होना था। ग्राम सभा के बाद पंचायत समिति का अनुमोदन होने के पश्चात सूची को जिला भेजा जाना था।
उक्त लोगों का कहना है कि नियम कानून को ताख पर रख मुखिया एवं पंचायत सचिव ने बिना ग्रामसभा कराए योजनाओं की सूची प्रखंड को भेजी है। उक्त लोगों ने उपमुखिया की अध्यक्षता में एक बैठक कर इस बात की शिकायत उपायुक्त एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी से करने का निर्णय लिया है। मुखिया के मनमाने रवैये के विरोध में पंचायत स्तर के किसी भी बैठक में भाग नहीं लेने का निर्णय उक्त वार्ड सदस्यों ने लिया है।
इधर मुखिया अशोक पासवान ने बताया कि जनहित को देखते हुए सरकार की गाइडलाइन के अनुसार पंचायत कीसबसे जर्जर सड़क का चयन ग्राम सभा के माध्यम से मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ निर्माण योजना के तहत किया गया है। कुछ लोग निजी स्वार्थ के कारण इस तरह का विरोध कर रहे हैं। उनका लक्ष्य पंचायत का विकास है। ऐसे लोगों के गलत विरोध की चिंता उन्हें नहींहै।