स्कूल में वज्रपात, शिक्षक समेत चार झुलसे
गिरिडीह : सदर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय अलगुंदा में बुधवार दोपहर वज्रपात से एक शिक्षक सहित तीन बच्चे झुलस गए। सभी का इलाज शहर के एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। वज्रपात उस समय हुआ जब बच्चे भोजन कर रहे थे।
विद्यालय में बच्चे दोपहर करीब डेढ़ बजे मध्याह्न भोजन कर रहे थे, तभी बारिश शुरू हो गयी। इसी स्कूल के छज्जे पर हुए वज्रपात से छात्र अंकित कुमार सिंह (7), शिवम कुमार सिंह (6), काजल कुमारी (9) तथा पारा शिक्षक बालेश्वर प्रसाद वर्मा तेज झटका लगने की वजह से आंशिक रूप से झुलस गए। इलाज के लिए सभी को आनन फानन में सदर अस्पताल लाया गया। वहां से सभी को एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। सभी की स्थिति में सुधार है। सूचना मिलते ही प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी अबु वफा अस्पताल पहुंचे और सभी का हालचाल पूछा। उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन के छज्जे पर वज्रपात हुआ। बच्चों व शिक्षक को इसका हल्का झटका लगा है। विद्यालय में लगा तड़ित चालक पहले ही चोरी चला गया था।