भगोड़ों ने फिर दोहराया इतिहास
गिरिडीह : झाविमो के केंद्रीय नेताओं ने यहां पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों को निशाने पर लेते हुए कहा कि इन नेताओं का इतिहास पहले से ही भगोड़ा रहा है। वे अपने स्वार्थ में पार्टी छोड़ते रहे हैं। वहीं केंद्रीय नेताओं ने बोकारो में होने वाले प्रमंडलीय सम्मेलन की सफलता का दावा भी किया और कहा कि सम्मेलन में ऐसी ठोस रणनीति बनायी जाएगी जिससे चुनावी जीत का मार्ग प्रशस्त आसानी से होगा। केंद्रीय नेताओं में नुनूलाल मरांडी, सुरेश साव सुप्रीमो के आवास में शुक्रवार को पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
केंद्रीय नेता मरांडी व सुरेश साव ने कहा कि झाविमो की साख आज पहले से और मजबूत है। कार्यकर्ता नहीं, स्वार्थी नेता पार्टी छोड़कर भाग रहे हैं। ऐसे नेताओं को पता था कि वे बाबूलाल के भरोसे एक बार चुनावी वैतरणी पार कर गए। अब अपनी करतूत से पार नहीं कर सकेंगे और न सुप्रीमो उनपर भरोसा करेगा, इसलिए समय रहते वैसे विधायक पाला बदलकर भाजपा में चले गए। इससे झाविमो का बोझ हल्का हुआ है। सुरेश साव ने कहा कि भगोड़े विधायकों की अपनी जमीन पांव तले खिसक गयी है, इसलिए भटककर अपनी नई जमीन तलाश रहे हैं पर उन्हें जनता सुकून नहीं देने वाली है। ऐसे लोग हर बार नया दरवाजा ढूंढते हैं।
एक सवाल पर नुनूलाल मरांडी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में गठबंधन अभी तय नहीं है। राजनीति में कभी कुछ भी हो सकता है पर अभी तक कहीं से ऐसा कोई ऑफर नहीं है। झाविमो का गठबंधन सीधे जनता से है। केंद्रीय नेताओं ने दावा किया कि बोकारो सम्मेलन में गिरिडीह जिला से पांच हजार कार्यकर्ता जाएंगे। कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। सभी 81 सीट में चुनाव लड़ेंगे। सरकार बनाने में झाविमो की अहम भूमिका रहेगी। पीएम की सभा में सीएम की हूटिंग की निंदा भी की गई।