आटो पलटने से महिला की मौत, नौ घायल
गिरिडीह : दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गयी, जबकि छह महिला समेत नौ लोग जख्मी हो गए। ताराटांड़ थाना क्षेत्र के पंडरी-बुटबरिया गांव के बीच ऑटो पलटने से टुंडी थाना क्षेत्र के जताखुट्टी गांव की एक महिला मजदूर फूलमुनी देवी की मौत हो गयी। जबकि गाड़ी में सवार छह महिला समेत नौ लोग घायल हो गए। घायलों को ताराटांड़ पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायल फनीलाल हेम्ब्रम ने बताया कि वे लोग मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टीकोडीह-विश्वासडीह गांव स्थित एक फैक्ट्री से काम करके ऑटो से घर जा रहे थे। रास्ते में चालक ऑटो से नियंत्रण खो दिया, जिससे ऑटो पलट गयी। हादसे में नौनिता हेम्ब्रम, हीरामुनी बेसरा, संगीता देवी, सोनिया देवी, सोनामुनी देवी, कोदोमुनी देवी, प्रदीप हेम्ब्रम, विकास मरांडी घायल हो गये। घायल व मृतका सभी टुंडी थाना क्षेत्र के जताखुट्टी गांव के निवासी हैं।
दूसरी ओर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव के पास मोटरसाइकिल से गिरने से पचम्बा निवासी विनय कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।