2004 के प्रदर्शन को दोहराएगी यूपीए : सुबोधकांत
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : पूर्व केंद्रीय मंत्री सह कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने कहा है कि झारखंड में गठबंधन के तहत यूपीए ने जिस तरह वर्ष 2004 के आम चुनाव में राज्य की 14 में से 13 सीटें जीती थी, इस बार यूपीए अपने उस प्रदर्शन को दोहराने की स्थिति में है। सहाय सोमवार को शहर के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे।
कहा कि भाजपा का गेम प्लान देश में कट्टरपंथी सांप्रदायिकता को उभार कर सत्ता हथियाने का है लेकिन प्रदेश की जनता ने इसे नकार दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने नरेंद्र मोदी पर जुबानी जंग तेज करते हुए कहा कि मदाड़ी की तरह ताली बजवाकर धार्मिक उन्माद फैलाने की नीयत से उन्होंने झारखंड जैसे छोटे राज्य में अब तक पांच सभाएं की और प्रत्येक सभा में सौ करोड़ रुपये फूंके। कहा कि कांग्रेस की तुलना में भाजपा ने चुनाव प्रचार में 10 गुणा अधिक खर्च किया। निर्वाचन आयोग को इसका हिसाब लेना चाहिए। मोदी की मार्केटिंग कर भाजपा सत्ता में काबिज होने के लिए हर हथकंडे अपना चुकी है लेकिन वे अपने नापाक इरादे में कभी भी कामयाब नहीं हो सकेंगे।
एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि यूपीए के दस वर्ष के शासन काल में देश ने तरक्की की लंबी दूरी तय की है। आज महंगाई अपने निचले पायदान पर है। यूपीए सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। इसके लिए देश के प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह बधाई के पात्र हैं।
सीएजी की रिपोर्ट के आधार पर दर्ज कोलगेट घोटाला को मनगढ़ंत कहानी बताकर सहाय ने कहा कि कोल ब्लाक आवंटन में राज्य सरकारों की भूमिका अहम होती है। बावजूद इसके केंद्र सरकार ने इस मामले को गहन जांच के लिए सीबीआई को सौंप दिया है, सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में जांच की कार्रवाई आगे बढ़ रही है। सहाय राची से देवघर जाने के क्रम में सोमवार की शाम यहां रुके और कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की स्थिति सहित चुनावी गतिविधियों की जानकारी ली। मौके पर कांग्रेस के नगर अध्यक्ष अजय कुमार सिन्हा मंटु, पूनम वर्मा, मो साबिर हुसैन, कमलेश लोहानी, कृष्णा सिंह, रविकांत सिंह आदि उपस्थित थे।