पीरटांड़ में केनबम विस्फोट
जाटी, गिरिडीह/पालगंज : गुरुवार को गिरिडीह लोकसभा संसदीय क्षेत्र के होने वाले मतदान के एक दिन पूर्व मंगलवार देर रात को उग्रवाद प्रभावित पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पंदनाटाड़ मोड़ स्थित पुल के पास केन बम धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल उठा। नक्सली वहां केन बम लगा रहे थे, इसी दौरान वह फट पड़ा। पुलिस के मुताबिक विस्फोट के दौरान एक नक्सली भी जख्मी हुआ है। उसकी तलाश की जा रही है।
बता दें कि पालगंज-खेताडाबर पथ के मसनोटाड़ गाव के यात्री शेड के पास से बरियारपुर जाने के रास्ते मेंपंदनाटाड़ पुल के बाद सड़क के बीचोंबीच यह घटना हुई है। घटनास्थल पर एक फीट गड्ढा हो गया है और किनारे झाविमो का एक झंडा पड़ा है। घटना स्थल के पहले मसनोटांड़ स्कूल में चुनाव कर्मियों को बूथों तक पहुंचाने के लिए कलस्टर बनाया गया है।
बताते हैं कि विस्फोट होने के बाद कलस्टर में तैनात पुलिस ने जवाबी फायरिंग भी की। इधर एएसपी अभियान कुणाल ने दूरभाष पर बताया कि पदनाटांड़ पुल के पास नक्सली केन बम लगा रहे थे। इसी दौरान धमाका हो गया। विस्फोट में एक नक्सली जख्मी हुआ है। घटनास्थल के नजदीक खून के धब्बे पाए गए है। कहा कि जख्मी नक्सली की खोजबीन की जा रही है। एएसपी ने बताया कि पुलिस को नुकसान पहुंचाने या फिर मतदान के दिन धमाका कर दहशत फैलाने की मंशा से नक्सली वहां केनबम लगा रहा था।