मार्च में पारित हुए पांच हजार से अधिक विपत्र
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : वित्तीय वर्ष 2013-14 के अंतिम माह मार्च में कोषागार से कुल 5228 विपत्र पारित किए गए, जबकि अंतिम दिन 31 मार्च को 350 विपत्र पारित हुए। विपत्रों को पारित करने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।
कोषागार पदाधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि सोमवार को कुल साढ़े तीन सौ विपत्रों को पारित किया गया, जबकि मार्च महीने में 5228 विपत्र पारित हुए हैं। उन्होंने बताया कि 31 मार्च को पारित हुए विपत्रों की राशि का फिगर अभी बैंक से नहीं आया है। अधिकांश विपत्र नए आवंटन से संबंधित थे।
इधर बता दें कि कई विभागों से करोड़ों रुपये सरेंडर भी हुए हैं। विभागों के कर्मी सरेंडर हुई राशि का मिलान करने में जुटे हैं। डीईओ कार्यालय से शिक्षकों के वेतन एवं अन्य मद में करीब ढाई करोड़ रुपया सरेंडर किया गया। वहीं डीएसई कार्यालय, कृषि व अन्य विभागों से भी राशि सरेंडर होने की बात कही गयी। जिला शिक्षा अधीक्षक महमूद आलम ने बताया कि उनके यहां से विभिन्न मदों में बची राशि को सरेंडर किया गया है। कितनी राशि सरेंडर हुई, इसका मिलान किया जा रहा है।