पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएंगे विद्यार्थी
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : पर्यावरण संरक्षण के लिए अब उच्च विद्यालयों के विद्यार्थी आगे आएंगे। वे न केवल अपने विद्यालय को हरा-भरा बनाएंगे, बल्कि लोगों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। राष्ट्रीय हरित कोर कार्यक्रम के तहत स्कूलों में गठित इको क्लब को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस दिशा में विभागीय स्तर से पहल शुरू कर दी गयी है।
बढ़ रहे प्रदूषण को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए उच्च विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के माध्यम से पूरे समाज की भागीदारी सुनिश्चित करनी है। इसके लिए उच्च विद्यालयों में इको क्लब से छात्र-छात्राओं को जोड़ना है। प्रत्येक क्लब में 30-50 छात्र-छात्रा रहेंगे। इसमें वैसे छात्र-छात्रा शामिल होंगे, जो पर्यावरण से संबंधित विषयों में रुचि रखते हैं। वहीं पर्यावरण से संबंधित विषयों में रुचि रखने वाले विद्यालय के एक शिक्षक इसके प्रभारी होंगे। शिक्षक के दिशानिर्देश में ही सभी तरह के कार्यक्रमों का संचालन होगा।
विद्यालयों को बनाना है हरा-भरा : कार्यक्रम के तहत विद्यालयों को हरा-भरा बनाना है। इसके लिए विद्यालय परिसर में औषधीय पौधा, फूल आदि लगाया जाना है। साथ ही क्लब में शामिल छात्र-छात्रा आसपास के क्षेत्रों में लोगों को जागरूक और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रैली, पदयात्रा आदि निकालेंगे।
मांगी गयी सूची : जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इस कार्यक्रम के लिए उच्च विद्यालयों से छात्र-छात्राओं की कक्षावार सूची उनके माता-पिता के नाम, मोबाइल नंबर व नोडल शिक्षक के नाम के साथ दो दिन के अंदर कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
वर्जन
राष्ट्रीय हरित कोर कार्यक्रम के लिए उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से विहित्त प्रपत्र में छात्र-छात्राओं की सूची मांगी गयी है। सूची उपलब्ध होने के बाद इस दिशा में आगे काम होगा।
-निर्मला कुमारी बरेलिया, जिला शिक्षा पदाधिकारी।