हड़ताल टूटी, निकायकर्मी ने निकाला विजय जुलूस
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : नगर विकास विभाग ने झारखंड लोकल बाडीज इंप्लाइज फेडरेशन की चार सूत्री मांगों पर अपनी मुहर लगा दी है। इसके साथ बीते 18 फरवरी से जारी राज्यव्यापी हड़ताल मंगलवार को समाप्त कर दी गयी। हड़ताल टूटने की खुशी में निकाय कर्मियों की ओर से शहर में विजयी जुलूस निकाला गया और रंग गुलाल खेल कर जश्न मनाया गया। फेडरेशन के राज्याध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सभी प्रमुख बिन्दुओं पर विभागीय मंत्री व सचिव के साथ वार्ता हुई और अधिकांश पर समझौता हुआ। कहा कि अब वर्षो से दैनिक मजदूरी पर काम कर रहे मजदूरों की सेवा स्थायी करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके अलावा वेतन मद में अब 70 फीसद राशि सरकार स्थापना मद से वहन करेगी। नए वित्तीय वर्ष के साथ इसे लागू कर दिया जाएगा। इसके अलावा गोड्डा और सरायकेला के कर्मियों के स्थानांतरण संबंधी आदेश को तत्काल प्रभाव से रद करने का फैसला लिया गया है। सरकार की ओर से विभागीय उप सचिव राम नारायण प्रसाद ने फेडरेशन को इसका लिखित आश्वासन पत्र सौंपा। इस शिष्टमंडल में अशोक के अलावा अनूप लाल हरि, लखन हरिजन, कारु मंडल, चुन्नू राम, रोशन राम आदि शामिल थे।