पंचायती राज व्यवस्था में ग्राम सभा सशक्त
संस, बेंगाबाद (गिरिडीह) : लुप्पी पंचायत के ठाकुर घाट में जिला परिषद के सहयोग से बीआरजीएफ के तहत 25 लाख की लागत से बनने वाले पुल की आधारशिला बुधवार को जिप अध्यक्ष मुनीया देवी, जिप सदस्य प्रमीला देवी और स्थानीय मुखिया बसंती देवी ने सयुक्त रूप से रखी।
मौके पर जिप अध्यक्ष ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में ग्राम सभा सशक्त है। ग्राम सभा में चयन किए गए कार्य को ही पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य अमलीजामा पहना सकेंगे। कहा कि ग्राम सभा के लागू होने से ही आम लोगों को लाभ हो रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि ग्राम सभा में योजना चयन करते समय गांव के हित को भी ध्यान में रखें और जनोपयोगी कार्य का ही चयन करें। जिप सदस्य प्रमीला देवी ने कहा कि पुल का निर्माण होने से लोगों को लाभ होगा।
प्रखंड में बनेंगे पाच पुल : जिप अध्यक्ष मुनिया देवी ने कहा कि बेंगाबाद प्रखंड में बीआरजीएफ योजना से पाच पुल का निर्माण होना है, जिनमें एक पुल की आधारशिला रखी जा रही है। मौके पर मिथलेश्वर साव, पंसस राम प्रसाद यादव, मनोज वर्मा, विनोद वर्मा, राज कुमार साव, आशीक अंसारी, दाउद अंसारी, मताल सिंह आदि उपस्थित थे।