किसानों की शिकायत पर धान क्रय केंद्र पहुंचे डीएसओ व बीडीओ
गढ़वा : कृषि उत्पादन बाजार समिति गढ़वा में किसानों का धान नहीं खरीदे जाने की शिकायत के बाद गुरुवा
गढ़वा : कृषि उत्पादन बाजार समिति गढ़वा में किसानों का धान नहीं खरीदे जाने की शिकायत के बाद गुरुवार को प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी जावेद अनवर इदरीशी व सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी रामनारायण खलखो धान क्रय केंद्र पहुंचे तथा केंद्र प्रभारी अनिल कुमार को धान खरीदने में किसानों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही इसमें किसी प्रकार की कोताही बरते जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस संबंध में डीएसओ व बीडीओ ने बताया कि धान केंद्र से किसानों द्वारा बार बार यह शिकायत की जा रही थी कि केंद्र द्वारा स्थानीय किसानों के धान खरीदने में कोताही बरती जा रही है। इसके आलोक में केंद्र का निरीक्षण किया गया तथा प्रभारी को आवश्यक दिशानिर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र की निगरानी के लिए प्रखंड कृषि पदाधिकारी की यहां प्रतिनियुक्ति की गई है। इस संबंध में पूछे जाने पर धान क्रय केंद्र के प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि गुरुवार होने के कारण भीड़ भाड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। धान की खरीददारी में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जा रही है। किसानों के धान खरीदने में प्राथमिकता दी जा रही है।