स्नान-पूजन कर लोगों ने बटोरा पुण्य
गढ़वा : कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जिला मुख्यालय समेत प्रखंडों में भी लोगों ने पूजा-अर्चना की।
गढ़वा : कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जिला मुख्यालय समेत प्रखंडों में भी लोगों ने पूजा-अर्चना की। सदर प्रखंड के लगमा में प्रसिद्ध ब्रह्म स्थान परिसर में बुधवार की अहले सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। यहां कई श्रद्धालु सत्यनारायण भगवान की कथा सुनते मिले। वहीं कई श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का यहां मुंडन कराया। सारा दिन ब्रह्म स्थान पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
इसी प्रकार गायत्री परिवार के द्वारा शहर के निमिया स्थान में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हवन-पूजन का आयोजन किया गया। इसमें गायत्री परिवार के काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जबकि शहर के ऐतिहासिक गढ़देवी मंदिर में भी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए तथा हवन पूजन किया। मालूम हो कि गढ़देवी मंदिर में प्रत्येक पूर्णिमा के अवसर पर हवन करने की परंपरा है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भी हवन किया गया। जिसका लोगों ने भरपूर लाभ उठाया। हवन में मंदिर के पुरारी राजन पांडेय समेत शहर के कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में महिला व पुरूष शामिल हुए।