निजी विद्यालय प्रबंधन मनमानी करने से बाज आएं : अभाविप
गढ़वा : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गढ़वा इकाई द्वारा बुधवार को शहर के रंका मोड़ पर हजारीबाग में अभ
गढ़वा : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गढ़वा इकाई द्वारा बुधवार को शहर के रंका मोड़ पर हजारीबाग में अभाविप कार्यकर्ताओं के साथ हुए दुर्व्यवहार के विरोध में निजी विद्यालय व महाविद्यालय प्रबंधनों का पुतला फूंका गया। मौके पर अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि राज्य में निजी विद्यालय प्रबंधन री-एडमिशन के नाम पर अभिभावकों व छात्राओं का शोषण कर रहे हैं। इससे प्रतिभावान छात्र अच्छे शिक्षा ग्रहण करने से वंचित हो रहे हैं। साथ ही छात्रों को विभिन्न प्रकार के शुल्क व दंड देकर भी प्रताड़ित किया जाता है। राज्य में निजी विद्यालय व महाविद्यालय प्रबंधनों पर सरकारी तंत्र द्वारा कोई अंकुश नही लगाया जा रहा है। सरकार व प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
वक्ताओं ने कहा कि प्रशासनिक पदाधिकारियों में कार्य करने की इच्छा शक्ति समाप्त हो गई है। जिला प्रशासन की निजी विद्यालयों से मिलीभगत जग जाहिर है। हजारीबाग में अभाविप कार्यकर्ता निजी विद्यालय प्रबंधनो के साथ बैठक करने जाते हैं तो उनके साथ मारपीट व धक्का मुक्की की जाती है। अभाविप कार्यकर्ताओं ने निजी विद्यालयों के प्रबंधनों को मनमानी करने से बाज आने की चेतावनी दी है। मौके पर जिला संयोजक अनुज सिंह, अविनाश पासवान, नगर मंत्री बालमुकुंद दुबे, अंकित दुबे, कॉलेज अध्यक्ष राहुल तिवारी, शिवम भारद्वाज, अंचल चौबे, शेखर सुमन, आलोक कुमार, अनिश दुबे, आकाश कुमार आदि उपस्थित थे।