घर में लगी आग, सामान जलकर राख
गढ़वा : सदर थाने के परिहारा गांव में बीती रात्रि करीब एक बजे आग लगने से घर में रखे सभी सामान जलकर स
गढ़वा : सदर थाने के परिहारा गांव में बीती रात्रि करीब एक बजे आग लगने से घर में रखे सभी सामान जलकर स्वाहा हो गए। इससे घर के करीब तीस सदस्य प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया। दमकल सूचना के दो घंटे बाद सुबह चार बजे पहुंचा। उक्त घर में चार भाई अपने-अपने परिवार के सदस्यों के साथ रहते हैं।
घटना की सूचना पर मंगलवार की सुबह विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी तथा राजद के प्रदेश अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह पहुंच कर प्रभावित परिवार को तत्काल पचास-पचास किलो राशन दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही इंदिरा आवास भी दिलाने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार स्वर्गीय फेंकू पासवान के चार पुत्र उक्त मकान में परिवार के सदस्यों के साथ रहते थे। बीती रात्रि करीब एक बजे अचानक आग लग गई। आग कैसे लगी, किसी को जानकारी नहीं है। जिस समय घर में आग लगी, उस समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे। पड़ोसियों ने आग लगने की सूचना दी तथा आग बुझाने में लग गए। जब तक आग पर काबू पाया गया, घर में रखे कपड़ा, अनाज, नगद पैसा तथा कागजात जलकर स्वाहा हो गए। घर में विकलांग महेंद्र पासवान को छोड़कर कोई भी पुरुष सदस्य नही था। सिर्फ महिलाएं ही थी। मुखिया उषा देवी ने भी पहुंच कर प्रभावित परिवार के सदस्यों को सहयोग का आश्वासन दिया।
-सभी गरीब को इंदिरा आवास मिलना चाहिए : विधायक
परिहारा गांव में घर में आग लगने के बाद पहुंचे विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि सभी गरीब को पक्का का मकान होना चाहिए। सरकार सभी को इंदिरा आवास मुहैया कराए। मैंने विधानसभा सत्र में भी गढ़वा-रंका विधानसभा क्षेत्र में अतिरिक्त बीस हजार इंदिरा आवास की मांग की थी। मगर राज्य की संवेदनहीन सरकार ने कोई ध्यान नही दिया। सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ही केवल इंदिरा आवास प्राथमिकता के आधार पर दिलाने की बात कहती है। मगर जो नक्सल प्रभावित क्षेत्र में गरीब रहते हैं उन्हें इंदिरा आवास नही मिलना चाहिए। सरकार की दोहरी नीति के कारण गरीब विकास योजनाओं का लाभ नही मिल पा रहा है। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से भी सहयोग का आश्वासन प्रभावित परिवार के सदस्य को दिया।
-प्रभावित परिवार को मिलेगा लाभ : गिरिनाथ
परिहारा गांव में घर में अगलगी के बाद पहुंचे राजद के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह ने कहा कि प्रभावित परिवार को व्यक्तिगत रूप से में धोती, साड़ी व अनाज की व्यवस्था कराऊंगा। साथ ही जिला प्रशासन से भी लाभ दिलाने का आश्वासन उन्होंने दिया।
-घर के पुरुष सदस्य करते हैं मजदूरी
परिहार निवासी प्रभावित परिवार के विजय पासवान, प्रताप पासवान व अजित पासवान मजदूरी करते हैं तथा महेंद्र पासवान दोनों पैर से विकलांग है। तीनों भाई घटना के दिन भी जिले के धुरकी के कदवा गांव में स्वास्थ्य केंद्र में मजदूरी करने गए थे। सूचना पाकर सभी घर पहुंचे थे।