गढ़वा जिले का 17वां थाना बना डंडा
गढ़वा : डंडा थाना का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार झा ने शुक्रवार को फीता काटकर किया। यह जिले का 17वां थाना बन गया है।
मौके पर एसपी ने कहा कि 2009 में गृह विभाग द्वारा अधिसूचना जारी की गई थी। मगर भवन नही होने के कारण थाना पूर्ण रूप से कार्यरत नही था। डंडा थाना क्षेत्र में तीन पंचायत व सात गांव हैं। यहां के ग्रामीणों को अब 22 किलोमीटर दूर गढ़वा नही आना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि डंडा से सटे नदी उस पार पलामू जिला का क्षेत्र आता है। इस क्षेत्र में उग्रवाद व अपराध हावी था। जिसे देखते हुए डंडा थाना खोला गया है। डंडा थाना खुलने से यहां के ग्रामीणों को काफी सुविधा होगी। यह क्षेत्र अपराध व उग्रवादमुक्त क्षेत्र होगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी पुलिस को सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि केतार व बरडीहा थाना बनना बाकी रह गया है। मौके पर एसडीपीओ कुसुम पूनिया, डीएसपी श्रीराम सामद, मेजर रविंद्र प्रसाद, इंस्पेक्टर अशोक कुमार, पूर्व जिप अध्यक्ष सुषमा मेहता, प्रमुख रहीना बीबी आदि उपस्थित थे।
पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार झा ने डंडा का थाना प्रभारी जर्नादन राम को बनाया है। यहां तीन एएसआइ, एक मुंशी तथा 16 सशस्त्र बल की नियुक्ति की गई है।